0जीबाबाद में कृष्णा टाकीज के निकट सार्वजनिक शौचालय।
- फोटो : NAZIBABAD
कल्लूगंज और चौक बाजार क्षेत्र में नहीं है शौचालय
नजीबाबाद। उत्तराखंड की सीमा पर स्थित नजीबाबाद नगर क्षेत्र में नगर के आसपास और उत्तराखंड से हजारों लोग बाजार में खरीदारी के लिए आते हैं। मुख्य बाजार चौक बाजार और कल्लूगंज में सार्वजनिक शौचालय न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नगरपालिका परिषद नजीबाबाद की ओर से की गई सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की व्यवस्था बेहद कम है। नगर की घनी आबादी के बीच नाम मात्र सार्वजनिक शौचालय हैं। चौराहा जगन्नाथ, कृष्णा टाकीज चौराहा, भारत सिनेमा तिराहा, जाब्तागंज में सार्वजनिक शौचालय हैं। इनके अतिरिक्त मुगलूशाह स्थित माहीगीर बस्ती और जाब्तागंज नलकूप के निकट सामुदायिक शौचालय हैं। नगर सीमा से बाहर आदर्शनगर पुलिस चौकी के निकट ग्राम पंचायत शेखपुरगढ़ू का शौचालय है। नजीबाबाद तहसील से उत्तराखंड की सीमा जुड़ी है। कोटद्वार से बड़ी संख्या में महिलाओं सहित आसपास के लोग नजीबाबाद के बाजारों में खरीदारी के लिए आते हैं।
नगर में कल्लूगंज और चौक बाजार मुख्य बाजार हैं। इस क्षेत्र में एक भी सार्वजनिक शौचालय नहीं है। जिससे बाजार में खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सार्वजनिक शौचालय के नाम पर कल्लूगंज और चौक बाजार से कुछ फासले पर चौराहा जगन्नाथ पर एक छोटा सा शौचालय बनाया गया है। सफाईकर्मी उसकी सफाई के प्रति भी गंभीर नहीं हैं। नागरिकों और कारोबारियों ने मुख्य बाजार क्षेत्रों में जनहित में कई बार सार्वजनिक शौचालय निर्माण कराने की आवाज उठाई लेकिन नगरपालिका को शौचालय निर्माण के लिए स्थान नहीं मिला।
भूमि चिह्नित, लोग नहीं होने देते निर्माण
नजीबाबाद। नगरपालिका परिषद नजीबाबाद की चेयरपर्सन सबिया निशात ने कहा कि बाजार कल्लूगंज में सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए नगरपालिका परिषद ने कई स्थानों पर भूमि चिह्नित की। लेकिन कारोबारियों ने स्थान को लेकर आपत्ति की। नगरपालिका परिषद का प्रयास है कि जल्द ही भूमि उपलब्ध हो जिससे सार्वजनिक शौचालय जनहित में निर्माण कराया जा सके। कृष्णा टाकीज के निकट स्थित सार्वजनिक शौचालय की देखभाल प्राइवेट एजेंसी के सफाईकर्मियों के हाथों में है। नागरिकों से निर्धारित शुल्क वसूल किया जाता है।