चांदपुर जलीलपुर से हस्तिनापुर गंगा पुल के बीच छोइया नदी के पुल की कटती अप्रोच सड़क।
- फोटो : BIJNOR
चांदपुर/जलीलपुर। चांदपुर-जलीलपुर से हस्तिनापुर मेरठ जाने वाले मार्ग पर गंगा पर बने पुल की अप्रोच रोड गंगा में समा जाने के बाद अब छोया नदी के पुल की अप्रोच रोड पर भी खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। यदि शासन प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो परेशानी बढ़ सकती है।
जिस तरह हस्तिनापुर पुल गंगा के निकट धीरे धीरे अप्रोच रोड का कटान हो रहा था, ठीक ऐसे ही जलीलपुर हस्तिनापुर रोड पर बने छोया नदी के पुल की अप्रोच रोड पुल के निकट कट रही है।
बहसूमा चांदपुर जसपुर मार्ग पर गांव नारनौर से हस्तिनापुर गंगा पुल की तरफ छोया नदी बहती हैं। छोया नदी के पुल से होकर ही गंगा पुल तक आवागमन किया जाता हैं। नौ दिन पहले गंगा पुल के निकट सड़क धंस कर गंगा नदी में बह गई थी।
अब छोया नदी पर बने पुल की अप्रोच रोड पुल के बिल्कुल नजदीक से कट रही है। तेज बारिश व छोया नदी में ज्यादा पानी आने पर सड़क धंस सकती है। सड़क के नीचे कुछ हिस्से से मिट्टी निकल गई है। बिल्कुल ऐेसे ही गंगा पुल के निकट शुरूआत में कटान हुआ था। गंगा पुल के निकट कटी सड़क को दुरुस्त करने के लिए निर्माण कार्य की सामग्री इसी छोया नदी के पुल के ऊपर से जा रही है। अधिकारी भी गंगा पुल के निकट तक इसी छोया नदी के पुल से आवाजाही कर रहे हैं। परंतु किसी अधिकारी की सड़क में बने गड्ढे पर नजर नहीं गई। यदि समय रहते छोया नदी पर बने पुल के निकट अप्रोच रोड की मरम्मत नहीं की गई, तो कटान से सड़क कभी भी धंस सकती है। जिससे गंगा पुल तक आवागमन भी बंद हो जाएगा। आवागमन बंद होने पर गंगा पुल तक सामग्री आदि नहीं पहुंच सकेगी।