बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने मौसम विभाग उप्र लखनऊ के पत्र के हवाले से जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 28 से 30 मई तक तेज हवा, मेघगर्जन, वर्षा एवं वज्रपात (आकाशीय बिजली) की आशंका है। डीएम ने जारी एडवाइजरी में जनपदवासियों से कहा है कि खराब मौसम एवं वज्रपात के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। कहा कि किसान खेतों में कार्य करते समय सतर्क रहें तथा मेघगर्जन होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर शरण लें। ऐसे समय में पक्के भवन या सुरक्षित स्थान पर ही रहें। कहा कि जिन नागरिकों के पास स्मार्ट मोबाइल फोन उपलब्ध हैं, वे “दामिनी एप” डाउनलोड कर समय-समय पर प्राप्त होने वाली मौसम संबंधी सूचनाओं का पालन करें तथा अन्य लोगों को भी जागरूक करें। मौसम खराब होने की स्थिति में बिजली से चलने वाले उपकरणों का उपयोग बंद कर दें तथा तालाब, नदी, नहर आदि जल निकायों से दूर रहें। किसी भी आपात स्थिति, जनहानि अथवा क्षति की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। आपदा संबंधी सहायता के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 1077 एवं 01342-262031 पर संपर्क किया जा सकता है। आग लगने की स्थिति में 112 अथवा 101 तथा चिकित्सीय सहायता के लिए 108 पर संपर्क करें।