मालन नदी के उफान ने जनजीवन प्रभावित, कच्छियाना बस्ती में बाढ़ जैसी स्थिति
फोटो-14एनजेडबी01ए, 01बी, 01सी, 01डी
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद (बिजनौर)। मालन नदी के उफान से बड़िया में सिखों की कार सेवा से बने बड़िया-जट्टीवाला मालन नदी पुल की एप्रोच सड़क एक सप्ताह में दूसरी बार धंस गई। नदी के उफान से पुल को खतरा बना हुआ है। एसडीएम और सिंचाई खंड अफजलगढ़ की टीम ने बड़िया, बीरूवाला सहित नदी के बहाव की दिशा बदलने से उत्पन्न स्थिति का निरीक्षण किया।
बड़िया-जट्टीवाला पुल पर मालन नदी की बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। पुल की एप्रोच दूसरी बार धंसने की सूचना पर एसडीएम रम्या आर, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, तहसीलदार प्रभा सिंह, नायब तहसीलदार सार्थक चावला ने सिंचाई खंड अफजलगढ़ और लोनिवि की टीम के साथ क्षेत्र का दौरा किया। एसडीएम के निर्देश पर मालन नदी पुल की ध्वस्त संपर्क मार्ग भरने का अभियान शुरू किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मालन नदी के बदलते रुख से पुल, कृषि भूमि और पुल के संपर्क मार्ग को बचाने के लिए नदी की दिशा सीधी करने के प्रयास शुरू किए। प्रशासनिक अधिकारियों ने बीरूवाला फार्म दिशा में पेयजल टंकी क्षेत्र में मालन नदी के कटान से हो रहे नुकसान का धर्मवीर सिंह और क्षेत्रवासियों की उपस्थिति में जायजा लिया।
उधर, विधायक हाजी तसलीम अहमद ने एक्सईएन, एसडीओ और अवर अभियंता से लखनऊ में रहते संपर्क किया। विधायक ने बीरूवाला, मथुरा मोर, चंडीगढ़, बड़िया क्षेत्र में कृषि भूमि, आबादी और पुल को पहुंच रहे खतरे से उत्पन्न स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कटान क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से स्टड लगाने के लिए कहा।
कच्छियाना बस्ती में जलभराव से मची अफरातफरी
मालन नदी के उफान से नगर की आबादी से जुड़े कच्छियाना में रविवार रात जलभराव से हड़कंप मच गया। तीन से चार फीट पानी मकानों में भरने से भारी नुकसान पहुंचा। पहाड़ों पर होने वाली वर्षा से मालन नदी किसी भी समय उफान पर आ जाती है। एक माह के भीतर कई बार क्षेत्र के मकान जलमग्न हो चुके हैं और बड़े मात्रा में सब्जी की फसल बर्बाद हो चुकी है।