अफजलगढ़। पुलिस ने दो दिन पूर्व नगर स्थित पशुआहार केंद्र से हुई चोरी का खुलासा किया। पुलिस ने चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गया समान बरामद किया। आरोपियों को चालान कर न्यायालय में पेश किया गया।
मंगलवार की रात चोरों ने गांव सलावतनगर निवासी सुरेंद्रपाल शर्मा की कालागढ़ मार्ग स्थित पशु आहार केंद्र में घुसकर उनके गल्ले से एक लाख की नकदी सहित 30 चांदी के सिक्के चोरी कर लिए थे।चोर चोरी करते सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे।
जिसके चलते पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंपकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कराई, जिसमें उत्तराखंड जसपुर के लक्ष्मीनगर निवासी शरीफुल हसन उर्फ तेजा पुत्र जाहिद हसन तथा गुलफाम पुत्र अली हसन प्रकाश में आए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरों को जसपुर मार्ग मजार क्राॅसिंग के पास से धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी गए पैसों में से करीब 44 हजार की नकदी तथा चोरी में प्रयोग की गई बाइक बरामद की। चोरों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उन्होंने पशु आहार केंद्र व रेहड़ के गांव सिरियावाला मंदिर से चोरी की थी। इसके अलावा चोरों पर उत्तराखंड के जसपुर रेहड़ व अफजलगढ़ थाने में सात मुकदमे दर्ज है। इस संबंध में सीओ अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि चोरों का चालान कर न्यायालय में पेश किया गया है।