चांदपुर। एक युवती ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर एक युवक पर हिंदू नाम बताकर प्रेमजाल में फंसाने, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने तथा रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है। हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि करीब चार साल पहले उसकी फोन पर एक युवक से पहचान हुई थी। वह दिल्ली में रहकर सिलाई का काम करता है। युवक चांदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बताया जा रहा है। युवक ने अपना नाम बताकर स्वयं को हिंदू बताया और विश्वास में लेकर उससे बातचीत शुरू की। युवती का आरोप है कि इस दौरान आरोपी उसे अलग-अलग स्थानों पर ले गया और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।
उसके फोन में अश्लील फोटो खींच लिए। साथ ही आरोपी ने उससे लगभग दो लाख रुपये नकद व पेटीएम के माध्यम से ले लिए। पीड़िता ने बताया कि जब उसने शादी का दबाव बनाया तो युवक ने अपना वास्तविक नाम और धर्म अलग बताया। उससे कहा कि शादी करने के लिए तुम्हें मुस्लिम धर्म अपनाना पड़ेगा। फोटो वीडियो पर वायरल करने की धमकी देने लगा। पुलिस क्षेत्राधिकारी देश दीपक सिंह ने बताया कि लड़की को बुलाया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।