युवक ने खुद को गोली मारी, परिजनों ने बताया हत्या
चंदक/बिजनौर। एक युवक ने तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परिवार वालों ने इसे हत्या का रूप देना चाहा और अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। लेकिन पुलिस की जांच पड़ताल में आत्महत्या किए जाने की तस्वीर साफ हो गई। दरअसल, सड़क किनारे युवक का शव पड़ा मिला था, इस जगह पर खून एक भी धब्बा नहीं मिला। जमीन पर खून नहीं पड़ा होने और मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पुलिस ने तमंचा भी बरामद कर लिया। युवक ने अपने घर में आत्महत्या की थी, परिजनों ने मामले को हत्या का रूप देने के लिए उसके शव को गांव से दूर लाकर डाल दिया।
बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे खानपुर माधो उर्फ तिमरपुर निवासी सचिन (24) पुत्र मुन्नु सिंह का शव मंडावर-चंदक मार्ग पर गांव खुड़ाहेड़ी की पुलिया के पास पड़ा मिला। उसके सीने में गोली लगी थी। मंडावर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार रात में करीब साढ़े तीन बजे घटनास्थल का मुआयना किया गया तो वहां खून का एक भी धब्बा नहीं मिला। जिसके आधार पर पुलिस ने माना कि शव मिलने वाली जगह पर गोली नहीं मारी गई है। इसके बाद पुलिस मृतक के घर पहुंची। जहां एक दीवार पर खून के धब्बे मिले। सीओ कुलदीप गुप्ता के अनुसार सचिन के मोबाइल की लोकेशन भी घर पर मिली। पूछताछ के बाद पुलिस ने परिजनों की निशानदेही पर तमंचा भी बरामद कर लिया। यहीं से आत्महत्या किए जाने बात पुष्ट हो गई।
घर से लाकर सड़क किनारे डाला गया शव
सीओ कुुलदीप गुप्ता के अनुसार मृतक के एक पैर की उंगली रगड़ लगने की वजह से चोटिल हो चुकी थी। जिससे इस बात को बल मिला कि संभवत: बाइक पर शव रखकर सड़क किनारे लाकर डाला गया है और मृतक का पैर सड़क पर रगड़ता रहा होगा।
दूसरे पक्ष को फंसाने के लिए दी हत्या की सूचना
इसी साल 16 फरवरी को मंडावर क्षेत्र के गांव शादीपुर में विवाद हुआ था, जिसमें गोली लगने नरेंद्र पुत्र हुकुम सिंह की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक सचिन का भाई मोहित पुत्र छोटे निवासी तिमरपुर भी जेल गया। जोकि अभी तक जेल में बंद है। मोहित को जेल से छुड़ाने के फेर में दूसरे पक्ष को मुकदमे में फंसाने के लिए सचिन की आत्महत्या को हत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। परिजनों ने ही पुलिस को हत्या की झूठी सूचना दी थी।
गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर युवक का शव पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने पड़ताल की तो सामने आया कि युवक ने गृह क्लेश या अन्य कारण से घर में ही तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घर में खून के धब्बे भी मिले हैं। परिजनों ने अपने दुश्मनों को फंसाने के लिए शव को घर से लाकर सड़क किनारे डाल दिया। पुलिस गुण दोष के आधार पर जांच पड़ताल कर रही है
- डॉ. धर्मवीर सिंह, एसपी