बिजनौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दस साल के भीतर देशहित में किए गए कामों का पूरी दुनिया में डंका बज रहा है। पहली बार अन्नदाता सरकार के एजेंडे में शामिल हुए हैं। किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देकर सरकार ने अन्नदाता को सम्मान देने का काम किया है। ये बातें सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने का कहा कि गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं करने वाली पंद्रह चीनी मिलों को नीलाम करके किसानों को मालिक बना देंगे।
योगी आदित्यनाथ शनिवार को चांदपुर और नगीना में जनसभाओं को संबोधित करने के लिए पहुंचे। गठबंधन की ओर से प्रत्याशी बनाए गए चंदन चौहान के लिए सीएम योगी जनसभा को संबोधित के लिए चांदपुर पहुंचे। उन्होंने चांदपुर की पौराणिक और ऐतिहासिक धरा को नमन करते हुए अपने भाषण की शुरूआत की। कहा कि सरकार के एजेंडे में शामिल होने के कारण किसानों को प्रधानमंत्री किसान बीमा, ऋण माफी, सम्मान निधि, मुफ्त सिंचाई का लाभ आम किसान को मिला है। जब सरकार किसी जाति, मजहब और मत को नहीं बल्कि गांव, गरीब, नौजवान, किसान, महिला और केंद्र में रखकर काम करती है तो जातिवाद छूट जाता है, तब एक ही मंत्र गूंजता है, सबका साथ सबका विकास।
उन्होंने कहा कि 2014 के पहले भारत के बारे में दुनिया के लोग हंसते थे। अब हर क्षेत्र में भारत की तारीफ कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रबंधन का लोहा कोरोना काल में भी दुनिया देख चुकी है। भारत के अंदर सुरक्षा की स्थिति बेहतर हुई है। बोले कि ब्रिटेन का समाचार पत्र है द गार्डियन, जिसमें खबर छपी है जिसमें पाकिस्तान के अंदर दो साल पहले 20 आतंकी मारे गए। इस खबर का स्रोत क्या है यह तो पता नहीं लेकिन यह भारत की आतंक के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है। पुलवामा अटैक के वक्त नरेंद्र मोदी ने कहा था कि सपूतों का बलिदान बेकार नहीं जाएगा जो कि एयर स्ट्राइक करके दिखा दिया। आज का भारत दुश्मन की मांद में घुसकर ठिकाने लगाना जानता है।
दुनिया की सबसे तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था भारत है। फ्री में अस्सी करोड़ लोगों को राशन, दस करोड़ महिलाओं को फ्री गैस कनेक्शन देने वाला देश भारत है। यह संभव हो पाया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में, कहा कि यहां चार लाख गरीबों को आवास, ढाई लाख गरीबों को बिजली कनेक्शन दिए गए।
- चीनी मिलों को नीलाम करके किसानों को बना देंगे मालिक
सीएम योगी ने कहा कि पहले किसान गन्ना दे देता था लेकिन कीमत देने में दस-दस साल लगते थे, गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं हो पता था। किसानों को साहूकारों से सूद पर पैसा लेना पड़ता था। आज डबल इंजन सरकार में 120 चीनी मिलों में से 105 चीनी मिले एक सप्ताह में भुगतान कर रही हैं। बाकी जो पंद्रह हैं, उनके पेंच कसे जा रहे हैं। अगर भुगतान नहीं किया तो नीलाम करके किसानों को मालिक बना देंगे।
- यूपी में कोई दंगा नहीं, सुरक्षा का कोई खतरा नहीं
सीएम योगी ने कहा कि भाजपा की सरकार में यूपी में कोई दंगा नहीं, सुरक्षा का कोई खतरा नहीं। बेटी, व्यापारी और हर नागरिक की सुरक्षा देने का काम डबल इंजन सरकार ने किया है। कहा कि पांच साल पहले कोई सोचता था की धारा 370 समाप्त होगी लेकिन नरेंद्र मोदी सरकार ने कश्मीर में धारा 370 को खत्म करने का काम किया है। कश्मीर को आतंकवाद और उग्रवाद से मुक्त किया है। कहा कि अयोध्या में रामलला मंदिर का सपना साकार हुआ है।
- यूपी से पलायन करते हैं अपराधी
सीएम योगी ने कहा कि बेटी और व्यापारी यूपी से पलायन नहीं करते, आज अपराधी यूपी से पलायन करते हैं। कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में बिजनौर में भी विकास हुआ है। यहां फोरलेन हाईवे बने हैं और महात्मा विदुर के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण हुआ है। गंगा मैया बिजनौर की आत्मा है सरकार ने गंगा मैया की शुद्धि के लिए भी काम किया है नमामि गंगे परियोजना चल रही है।
- यहां की हवा मोदी के गले में डालेगी 80 मनकों का हार
पहले चरण के चुनाव से यहां से निकली हवा उत्तर प्रदेश में मोदी के गले में 80 मनकों का हार डालने का काम करेगी। कहा कि धूप और बरसात की परवाह किए बगैर चंदन चौहान के माथे पर वोट रूपी चंदन जरूर लगाना है। कहा कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे, इस संकल्प के साथ चंदन लगाने के लिए निकलेंगे।