घर में घुस चाकू से प्रहार कर युवती की हत्या
मंडावर (बिजनौर)। युवती की शादी तय होने पर एकतरफा प्रेम में घिरे युवक ने घर में घुसकर युवती पर चाकू से हमला कर दिया। युवक ने खुद को भी पेट में चाकू मारकर घायल कर लिया। दोनों घायलों को गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर किया गया है। मेरठ में उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वारदात मंडावर थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर देवमल की है। शनिवार सुबह करीब दस बजे गांव इनामपुरा निवासी मरगूब मोहम्मदपुर देवमल में समरीन (21 वर्षीय) के घर पहुंचा। उस वक्त समरीन मकान के बरामदे में हैंडपंप पर बर्तन साफ कर रही थी। आरोप है कि मरगूब ने समरीन के पेट में चाकू से तीन वार कर दिए। लहूलुहान हालत में समरीन शोर मचाती हुई घर के अंदर भागी तो आंगन में गिरकर बेहोश हो गई। इसके बाद घर से बाहर निकले मरगूब ने पेट में मारकर खुद को भी घायल कर लिया। शोर शराबा होने पर समरीन के परिजनों ने मरगूब को पकड़ने की कोशिश की तो, आरोपी ने उन पर भी हमले की कोशिश की। इसके बाद मरगूब भी बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद भीड़ जमा हो गई और पुलिस भी पहुंच गई। इसी बीच मरगूब के परिजन उसे उठाकर अस्पताल ले गए। पुलिस युवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। चिकित्सकों ने दोनों को मेरठ रेफर कर दिया। देर शाम मेरठ में उपचार के दौरान समरीन ने दम तोड़ दिया।
- इलाके में फैली सनसनी
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता का कहना है कि प्रारंभिक जांच में युवक और युवती के बीच प्रेम प्रसंग का पता चला है। युवती के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी। कुछ दिन बाद ही निकाह होने वाला था। मरगूब युवती से निकाह करना चाहता था, लेकिन युवती ने परिजनों की मर्जी से ही निकाह करने की बात कही थी। इसी से नाराज होकर आरोपी मरगूब ने युवती पर हमला कर दिया।
वर्जन
सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता का कहना है कि युवक और युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली जा रही है। युवती के भाई की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले की गंभीरता से जांच हो रही है।