नहटौर। चोरी के इरादे से घर में घुसे युवक को गृह स्वामी ने ग्रामीणों की मदद से दबोच लिया। ग्रामीणों ने रस्सी से उसके हाथ-पैर बांधकर उससे पूछताछ की। कुछ लोगों ने उसकी पिटाई भी की।
बताया जाता है कि पकड़े गए युवक ने अपने आप को पास के ही गांव सिजौली निवासी मोहसिन पुत्र छंगा बताया। ग्रामीणों ने उसके परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों के अनुरोध पर ग्रामीणों ने उसे छोड़ दिया। इसी बीच किसी ने घटना की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। जिस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने गृह स्वामी सुलेमान पुत्र नवाब अली निवासी शादीपुर से घटना के संबंध में पूछताछ की। सुलेमान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि परिजनों के समझाने तथा युवक के भविष्य में गलती न करने के आश्वासन पर चोरी के इरादे से घर में घुसे मोहसिन को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।
उसके जाने के बाद पता लगा कि वह उसका मोबाइल फोन चुराकर ले गया। सुलेमान ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सोलंकी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज लिया गया है। विधिक कार्रवाई प्रचलित है।