आईटीआई के निरीक्षण के दौरान जानकारी लेते डीएम जगतराज।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में विधानसभा चुनाव में पोलिंग पार्टियां आईटीआई तथा वर्धमान कॉलेज से रवाना होंगी। मतगणना स्थल सेंट्रल वेयर हाउस को सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पूरी तरह सील कर दिया जाएगा। डीएम जगतराज ने चुनाव ड्यूटी डिस्पले और चुनाव सामग्री के वितरण के लिए अलग-अलग काउंटर बनाने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने विधानसभा चुनाव की पोलिंग पार्टियों के रवाना स्थलों तथा मतगणना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। धामपुर, नूरपुर, बढ़ापुर, नहटोर और चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों की पोलिंग पार्टियां आईटीआई और बिजनौर, नगीना तथा नजीबाबाद विधान सभा क्षेत्रों की पोलिंग पार्टियां वर्धमान कॉलेज से रवाना होगी। दोनों जगह कंट्रोल रूम बनेंगे। इनके प्रभारी एडीएम वित्त, राजस्व तथा एडीएम प्रशासन रहेंगे। डीएम को बताया गया कि हर विधानसभा में कम से कम 16 टेबल लगाई जाएंगी। इस प्रकार कुल 128 टेबल पर चुनाव सामग्री का वितरण होगा। रिजर्व टीमों के लिए अलग व्यवस्था रहेगी। डीएम ने हिदायत दी कि स्ट्रांग रूमों की सुरक्षा व्यवस्था में कतई कोताही न बरती जाए। खिड़कियों को सील कर दें।
डीएम ने आईटीआई के परिसर में खड़ी सैकड़ों रिक्शाओं को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। निरीक्षण में एडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र राम, एडीएम प्रशासन मदन सिंह, एसपी सिटी एमएम बेग, एसपीआर धर्मवीर सिंह समेत पीडब्लूडी तथा परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।