चांदपुर में गांव लाटरा में पशु चिकित्सा टीम के टीका लगाने से गाय की मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने टीम को बंधक बना लिया। मौके पर पहुंची पुलिस को तहरीर देकर ग्रामीणों ने टीम को छोड़ा।
बास्टा क्षेत्र के गांव लाटरा में शनिवार को पशु चिकित्सा टीम टीकाकरण के लिए पहुंची। टीम ने गांव निवासी राकेश कुमार की गाय को टीका लगाया। आरोप है कि टीका लगाते ही गाय की मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने टीम को बंधक बना लिया। साथ ही सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे एसआई पवन कुमार ने ग्रामीणों को समझाया। साथ ही टीकाकरण टीम के खिलाफ तहरीर देने को कहा। उनके समझाने पर ग्रामीणों ने टीम को छोड़ दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पहुंची टीकाकरण की टीम में कोई डॉक्टर शामिल नहीं था। मौके पर पहुंचे पीपुल फोर एनीमल्स के सदस्य वीरेंद्र राजपूत व नरेश कुमार ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।