शिक्षकों ने निकाला मशाल जुलूस
बिजनौर। संयुक्त शिक्षक संघर्ष समिति के आह्वान पर शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी हल्दौर के खिलाफ मशाल जुलूस निकाला। शिक्षकों ने प्रदर्शन कर प्रदेश के मुख्यमंत्री व डीएम के नाम मांग पत्र एडीएम राजस्व को सौंपा। शिक्षकों ने बीईओ हल्दौर के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर उन्हें जिले से बाहर भेजने की मांग की।
संयुक्त शिक्षक संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुधीर यादव के नेतृत्व में शिक्षक शाम चार बजे बीएसए कार्यालय पर एकत्रित हुए और बैठक कर खंड शिक्षा अधिकारी हल्दौर प्रदीप कुमार कौशिक पर कई गंभीर आरोप लगाए। वक्ताओं ने बीईओ हल्दौर को जिले से बाहर भेजने की मांग की। इसके उपरांत शिक्षक मशाल जुलूस के रूप में प्रदर्शनी चौक, जजी चौराहा, शास्त्री चौराहा, सिविल लाइन होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी के नाम एक मांग पत्र एडीएम को सौंपा गया, जिसमें बीईओ हल्दौर को अविलंब निलंबित कर जिले से बाहर भेजने की मांग की। पत्र में कहा गया है कि लंबे समय से बीईओ हल्दौर के खिलाफ शिक्षक लामबंद है, पर बीईओ हल्दौर का तबादला विकासखंड नूरपुर में होने के बावजूद भी चार्ज नहीं छोड़ा। यदि बीईओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई तो शिक्षक संगठन आंदोलन करने को मजबूर होंगे। मशाल जुलूस में देवेंद्र सिंह, असीम चौहान, अर्चना रानी, निधि काकरान, संजुला चौधरी, चंचल लता, इंदु चौधरी, सीमा रानी, इरम कनुप्रिया, रिचा विश्नोई, रेशमा जमाल कामेंद्र सिंह, रुपेश चौधरी, अनुराग नाथ, फहीम अहमद, सुधा राज अमित पाठक, सुरेंद्र सिंह, भूपेंद्र चौहान, चौधरी अंगजीत सिंह, नितिन चौहान, विश्व पाल चौहान सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
बीईओ के खिलाफ कार्रवाई का दिया आश्वासन
कलक्ट्रेट में शिक्षकों को एडीएम ने बीईओ हल्दौर के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। एडीएम राजस्व ने शिक्षकों को बताया कि उन्होंने शिक्षकों के प्रदर्शन के बारे में जिलाधिकारी को अवगत करा दिया है। बीईओ हल्दौर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।