धूप निकली फिर भी गिरा तापमान
बिजनौर। बारिश और सर्द हवाओं ने लोगों को फिर से गलन वाली और कंपकंपी वाली ठंड का अहसास करा दिया। शनिवार सुबह कोहरा छाया रहा, मगर उसके बाद तेज धूप निकल आई। लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली, लेकिन सर्द हवा चलती रही। शनिवार जिले में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शनिवार को कोहरा छाया रहा। करीब 11 बजे सूरज देव के दर्शन हुए, तो लोगों को कुछ ठंड से राहत मिली। वहीं बुजुर्ग और बच्चे भी धूप निकलने पर घरों से बाहर दिखाई दिए। दो दिन से हो रही बारिश से मौसम में बदलाव हो गया है। बारिश के बाद तो ठंड बढ़ गई है। शनिवार जिले भर में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शुक्रवार को जिले में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दो दिन हुई बारिश के बाद अब मौसम बिल्कुल साफ रहा है। हालांकि सर्द हवाओं की वजह से ठंड का पूरा प्रकोप रहा। साथ ही धूप निकलने पर सड़क पर आवाजाही बढ़ गई। नगीना वेधशाला के अनुसार दो दिन की बारिश के बाद अब मौसम साफ रहेगा, लेकिन सर्द हवाएं चलेंगी।