जल निगम कर्मियों का धरना समाप्त
बिजनौर। उत्तर प्रदेश जल निगम संघर्ष समिति के प्रदेशीय आह्वान पर जनपदीय शाखा की ओर से किया जा रहा धरना-प्रदर्शन समाप्त हो गया है। समिति पांच माह से रुका वेतन और अन्य प्रकार के शेष देयों का भुगतान शीघ्र कराने और तीन साल से लंबित अनुकंपा पदों पर मृतक आश्रितों को नियुक्ति दिलाने की मांग कर रही थी।
उत्तर प्रदेश जल निगम संघर्ष समिति से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय परिसर में ही अधिशासी अभियंता भरत सिंह के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। सोमवार को आयोजित समापन कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जल निगम में कार्यरत 25 हजार अधिकारी/कर्मचारी/पेंशनर्स का पांच माह का बकाया भुगतान नहीं किया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न होने लगा है। जल निगम कर्मी कठिन परिश्रम कर प्रदेश की लगभग 23.50 करोड़ जनता को शुद्ध पेय जल उपलब्ध कराते हैं। मृतक आश्रितों के परिवार के सदस्यों की 2018 से असंवैधानिक रूप से अवरुद्ध अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिली। इस अवसर पर जल निगम के अधिशासी अभियंता भरत सिंह, समिति जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह, संयोजक अमीर हैदर जैदी, इंजीनियर दर्शनलाल, नरेंद्र मोहन गुप्ता, मीडिया प्रभारी लोकेंद्र कुमार, सुंदरी, अनुराधा, गोपाल, संजय शर्मा, मोहित विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।