नजीबाबाद। उप निबंधक कार्यालय के दस्तावेज लेखक और अधिवक्ताओं की हड़ताल तीसरे दिन की जारी रही। उप निबंधक कार्यालय का कामकाज ठप होने से बैनामा, रजिस्ट्री कराने आ रहे लोग निराश लौट रहे हैं।
उप्र दस्तावेज लेखक एसोसिएशन के अध्यक्ष मो. असलम, सौरभ कुमार, शशिकांत अब्दुल रब अनवर, मुकुल शर्मा, ओजेश राजपूत, अमित सिंगल के नेतृत्व में दस्तावेज लेखकों ने शुक्रवार को भी हड़ताल जारी रखी। उप निबंधक कार्यालय के बाहर सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हड़ताली दस्तावेज लेखकों ने स्पष्ट किया कि जब तक ई- पंजीकरण रजिस्ट्री मॉड्यूल वापस नहीं लिया जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उप निबंधक कार्यालय राजीव भारती ने बताया कि दस्तावेज लेखकों की हड़ताल के चलते कामकाज तीन दिन से पूरी तरह प्रभावित है। हड़ताल के चलते बैनामा, रजिस्ट्री आदि कराने उप निबंधक कार्यालय पहुंचने वाले लोग निराश लौट रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग ऐसे हैं, जिन्होंने बैनामे आदि के लिए लाखों रुपये की धनराशि का संबंधित पार्टियों को भुगतान कर दिया है लेकिन हड़ताल के कारण बैनामे नहीं हो पा रहे।
तीसरे दिन धरना प्रदर्शन में हरिओम सिंघल, शहजाद आलम, जीशान अख्तर, गोविंद सिंह, भानु प्रकाश, रविराज ,एहसान अहमद, रणधीर सिंह, रुचिन तोमर, तेजपाल सिंह, सोम कुमार सहित अनेक दस्तावेज लेखक, स्टांप विक्रेता और अधिवक्ता शामिल हुए।
n चांदपुर। दस्तावेज लेखक व सीनियर बार एसोसिएशन के अधिवक्ता शुक्रवार को भी ई-पंजीकरण व्यवस्था के विरोध में हड़ताल पर रहे। सीनियर बार एसोसिएशन की अध्यक्ष संदीप कुमार एडवोकेट की अध्यक्षता व मनोज कुमार कुमार के संचालन में हुई बैठक में शासन द्वारा रजिस्ट्री को डिजिटल किए जाने के विरोध में शुक्रवार को भी रजिस्ट्री कार्यालय में किसी भी प्रकार से कोई दस्तावेज पंजीकृत नहीं कराने व न्यायालय में न्यायिक कार्य का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया। अधिवक्ताओं ने बताया कि शासन की इस नीति से बैनामा लेखकों, अधिवक्ताओं व स्टांप वेंडरों का अत्यधिक नुकसान होगा तथा बैनामा लिखने की प्रक्रिया भी पारदर्शित नहीं हो पाएगी। दस्तावेज लेखक संघ के अध्यक्ष नरेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि दस्तावेज लेखकों ने नई ई-पंजीकरण व्यवस्था का विरोध करते हुए कार्य का बहिष्कार रखा।
नगीना। ई -रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं व दस्तावेज लेखकों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हरदयाल सिंह सोढी ने बताया कि एडवोकेट फूल सिंह, महावीर सिंह सैनी,जगदीश सिंह प्रमोद शर्मा, जगदेव प्रसाद, अब्दुल समी, जयप्रकाश सिंह, राजीव सोती, रतन कुमार, सुनिल बिश्नोई आदि अधिवक्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे तथा वहां उनकी अनुपस्थिति में उनके कार्यालय में ज्ञापन देकर अपनी मांग से अवगत कराया।
धामपुर। ई-रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, टाइपिस्टों एवं ई-स्टाम्प विक्रेताओं की ओर से चल रही हड़ताल शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रही। श्री गणेश चौथ समिति के संरक्षक विजय कुमार जैन ने भी आंदोलनकारियों को समर्थन देने की घोषणा की है।
बार संघ अध्यक्ष विनोद कुमार सैनी ने बताया कि एक जुलाई से ई-रजिस्ट्री व्यवस्था लागू होेने से दस्तावेज लेखकों, टाइपिस्टों एवं ई-स्टाम्प विक्रेताओं की रोजी रोटी पर विपरीत असर पड़ेगा। जब तक सरकार ई-रजिस्ट्री व्यवस्था पर पुनर्विचार कर रोकने का निर्णय नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर संजय, मुनिया, राजीव अग्रवाल, व्योमकेश चौहान, संयम जैन, वीरेंद्र कुमार, आलोक कुमार, विपिन चौहान, शिवम शर्मा, यश शर्मा आदि उपस्थित रहे।