सास को मृत बता दामाद ने कब्जा ली संपत्ति
पैजनिया (बिजनौर)। क्षेत्र के गांव कान्हा नंगला में एक दामाद ने अपनी वृद्धा सास को मृतक बताकर उसकी संपत्ति पर कब्जा कर लिया। तीन दिन पूर्व वृद्धा के गांव वाले दारानगर गंज में लगे छड़ी जाहर दीवान के मेले में वृद्धा को जीवित देख अचंभित रह गए। सूचना पर पहुंचे परिजन वृद्धा को लेकर पुलिस अधीक्षक से मिले और प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई।
गांव कान्हा नंगला निवासी वीरवती (80) पत्नी चरण सिंह के सिंह के चार पुत्री और एक पुत्र था। बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि पुत्र की कुछ वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी। वृद्धा का आरोप है कि करीब दो वर्ष पूर्व उसकी तीसरे नंबर की बेटी बबिता एवं दामाद गांव ताकीपुरा निवासी राकेश सेवा करने के बहाने उसे अपने साथ ले गए। आरोप है की बेटी-दामाद ने उसे बंधक बनाकर उसकी सारी संपत्ति हड़प ली और खाने में नशीला पदार्थ देकर उसे बेसुध कर उसका बैंक खाता भी संयुक्त करा उसमें से चार लाख रुपये हड़प लिए। संपत्ति हड़पने के बाद उसे लावारिस बताकर दरानगर गंज स्थित वृद्ध आश्रम में छोड़ आए।
आरोप है की बेटी दामाद की ओर से सभी रिश्तेदारों को वृद्धा की मौत की खबर देकर गांव में शोक सभा भी आयोजित कर दी गई। मामले में नया मोड़ तब आया जब तीन दिन पूर्व दारानगर गंज में लगे छड़ी जाहर दीवान के मेले में पहुंची कुछ महिलाओं ने आश्रम के बाहर बैठी वृद्धा को पहचान कर परिजनों को सूचित कर दिया। बुधवार को वृद्धा की अन्य पुत्रियां और दामाद वृद्धा को आश्रम से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और प्रार्थना पत्र देकर आरोपी लड़की और दामाद के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।