केलों पर गंदा पानी छिड़क कर बेचने वाला दबोचा
बिजनौर। केलों पर गंदा पानी छिड़क कर बेचने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना शेरकोट निवासी इरफान बिजनौर में रहकर ठेले से फल बेचता है। सोमवार को इरफान को मोहल्ला बुखारा के पास कुछ लोगों ने केलों पर गंदा पानी छिड़कते हुए देख लिया था। लोगों ने इसकी वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी थी। जिसमें एक व्यक्ति आरोप लगा रहा है कि इरफान केलों पर मूत्र छिड़क कर बेच रहा है। इरफान वीडियो में खुद भी अपना दिमाग खराब होने की बात कहकर आरोपों को सच बताता हुआ दिख रहा है। वीडियो बनाने वाले लोग काफी देर से इरफान का पीछा कर रहे थे। इसके बाद इरफान को पुलिस को सौंप दिया गया। बुखारा निवासी अभिषेक ने इरफान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। शहर कोतवाल रमेश चंद्र शर्मा के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी का चालान कर दिया गया है।
कर्मचारियों की जांच कराई
बिजनौर। गन्ना विभाग में एक ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक को तेज खांसी हो रही थी। सोमवार को डीसीओ यशपाल सिंह ने उनकी जिला अस्पताल लेकर कोरोना की जांच कराई। इसकी रिपोर्ट तीन दिन में आएगी। एक गन्ना पर्यवेक्षक को भी बुखार है। वह दो दिन पहले आगरा से लौटे हैं। उनकी जांच बुधवार को कराई जाएगी। डीसीओ ने दोनों कर्मचारियों को क्वारंटीन में रहने को कहा है।