बिजनौर। बुधवार को जरूरतमंद परिवारों को राशन बांटा गया। राशन में देने के लिए अभी सरकार से अरहर की दाल नहीं मिली है। राशन लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ राशन की दुकानों पर उमड़ पड़ी। सभी जरूरतमंद परिवारों को 25 अप्रैल तक उन्हें राशन दिया जाएगा।
बुधवार से श्रमिकों को राशन देने का काम शुरू हो गया है। पहले दिन नि:शुल्क राशन लेने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ राशन की दुकानों पर लग गई। उपभोक्ताओं के बीच यह डर था कि कहीं राशन खत्म न हो जाए और वे राशन से वंचित रह जाएं। लेकिन दुकानों पर आए सभी लोगों को राशन दिया गया। इस दौरान सफाई का ध्यान रखा गया। उपभोक्ताओं को एक-एक मीटर की दूरी पर खड़ा किया गया। डीएसओ मनीष कुमार ने बताया कि सभी पात्र उपभोक्ताओं को नि:शुल्क राशन मिलेगा। दुकानों पर अप्रैल माह का राशन 25 तारीख तक बंटवाया जाएगा।