बिजनौर के गांव मंगोलपुरा में महिला की हत्या के बाद पोस्ट मार्टम हाउस पर जमा भीड़।
- फोटो : BIJNOR
मंगोलपुरा के पूर्व प्रधान की पत्नी की हत्या
बिजनौर। मंगोलपुरा गांव के पूर्व प्रधान की पत्नी की हत्या कर दी गई। गला घोंट कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। महिला का शव घर के पीछे घेर में पड़ा मिला। उसका शॉल और एक कुंडल गायब है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भेजा है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।
शहर कोतवाली के गांव मंगोलपुरा के रहने वाले पूर्व प्रधान रावेंद्र सिंह की पत्नी स्वाति शनिवार शाम शौच के लिए घेर में बने शौचालय तक गई थी। काफी देर तक वह नहीं लौटी तो उसकी बेटी घेर में पहुंची। मां का शव देखकर उसकी चीख निकल पड़ी। उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिवार वालों ने घेर में जाकर देखा तो पशुशाला के पास ही स्वाति (36) का शव पड़ा मिला। उसका शॉल और एक कान का कुंडल गायब था। वहीं, चेहरे पर खून लगा मिला, गले पर भी निशान बने थे। हाथ में भी चोट का निशान मिला है। रात में ही सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता और प्रभारी निरीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे। डॉग स्क्वाड टीम ने भी साक्ष्य जुटाने के प्रयास किए। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत हुई है। हालांकि गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हकीकत का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।