रैली से दिया नदियों को स्वच्छ रखने का संदेश
नजीबाबाद। साहू जैन कॉलेज के एनसीसी के विद्यार्थियों ने रैली के माध्यम से नदियों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से नदियों में कूड़ा नहीं डालने की अपील की।
साहू जैन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एनपी सिंह ने विद्यार्थियों की जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कैप्टन प्रो. रीना, डॉ. गुरुप्रीत सिंह के नेतृत्व में पुनीत सागर अभियान के तहत विद्यार्थियों की रैली महाविद्यालय से शुरू होकर मालन नदी पर संपन्न हुई। रैली में विद्यार्थियों ने बैनरों व तख्तियों पर लिखे स्लोगनों के माध्यम से लोगों को नदी को स्वच्छ बनाए रखने, नदियों में कूड़ा न फेंकने के प्रति जागरुक किया। मालन नदी पर पहुंच कर विद्यार्थियों ने सफाई अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने कूड़ा व पॉलीथिन एकत्रित कर नष्ट किया। विद्यार्थियों ने कहा कि यदि नदियों को संरक्षित करना है तो लोगों को नदियों में कूड़ा व कचरा फेंकना बंद करना होगा। अभियान में प्रो. एके मीत्तल ,प्रो. बलराम, प्रो.गौतम बनर्जी, प्रो. मनीष कुमार, डॉ. दीपक त्रिपाठी, हृदय प्रकाश, विजय भारद्वाज आदि का सहयोग रहा।