बकाया जमा न करने पर सात हजार घरों की बत्ती गुल
धामपुर। विद्युुत निगम के अधिकारियों ने बकाया जमा न करने पर धामपुर एसई सर्किल में एक लाख से ऊपर के करीब 7130 लोगों के बिजली के कनेक्शन को काट दिया है, जिससे उनके घरों की बत्ती गुल हो गई है। बकाया जमा कराने के लिए निगम की 80 से ज्यादा टीमें लगी हैं। 31 मार्च तक निगम को करीब 11 हजार उपभोक्ताओं से 260 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य है।
धामपुर सर्किल के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद का कहना है कि सर्किल में धामपुर प्रथम, धामपुर द्वितीय, नगीना और नजीबाबाद चार डिवीजन शामिल है। सभी डिवीजन में करीब 10760 उपभोक्ताओं पर एक लाख से ऊपर की बकाया है। कुल मिलाकर इन पर करीब 260 करोड़ की बकाया है। अब तक धामपुर सर्किल में बकाया जमा न करने पर 7130 लोगों के बिजली के कनेक्शन को काटा जा चुका है। वहीं एसई ने कहा कि जब उपभोक्ता बिजली उपभोग कर रहे है। तो उनका दायित्व है कि बिजली का बिल समय से जमा करें। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से बिजली के नलकूपों के बिजली के बिलों की दरों को भी आधा कर दिया है। परंतु जनवरी माह 2022 से पहले का तो उपभोक्ताओं को पूरी ही बकाया जमा करनी होगी। सरकारी विभागों के अधिकारियों से भी बिजली बकाया जमा कराने पर जोर दिया है। बताया गया कि निगम की ओर से नोटिस जारी कर बिजली जमा कराने का आग्रह किया जा रहा है।