भागूवाला में कोटावाली नदी रपटे पर बढ़ा जलस्तर।
- कोटावाली नदी रपटा टूटा, पूर्वी गंग नहर मार्ग से हो रहा वाहनों आवागमन
- गांव रामपुर चाठा और सबलगढ़ में कई बीघा कृषि भूमि का हुआ कटान
फाेटो-09एनजेडबी02ए और 02बी
संवाद न्यूज एजेंसी
भागूवाला/नजीबाबाद (बिजनौर)। कोटावाली नदी का रपटा कई जगहों से टूटने से दूसरे दिन भी वाहनों को आवागमन बंद रहा। रोडवेज समेत बड़े वाहन पूर्वी गंग नहर मार्ग से होकर निकाले गए। बुधवार को दिनभर नदी रपटे पर करीब तीन-चार फीट पानी चला।
पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने से भागूवाला की कोटावाली नदी उफान पर रही। नदी के तेज बहाव से कोटावाली नदी रपटा कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो गया। नदी रपटे के टूटने और मंगलवार रात से नदी का जलस्तर बढ़ने से पीतमगढ़ निवासी जयप्रकाश बह गया था। पुलिस ने देर रात कांबिंग अभियान चलाकर व्यक्ति के शव को बरामद किया था। एसडीएम रम्या आर, सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने पुलिस को हाइवे का रूट डायवर्ट करने के निर्देश दिए। बुधवार को हरिद्वार दिशा और नजीबाबाद दिशा के वाहनों ने पूर्वी गंग नहर मार्ग से आवागमन किया। वहीं, दोपहिया वाहन और कार सहित छोटे वाहन कोटावाली नदी पुल से होकर गुजरे।
गांव रामपुर चाठा को खतरा
कोटावाली नदी से तहसील क्षेत्र के गांव रामपुर चाठा के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है। कोटावाली नदी लगातार गांव की ओर कटान कर रही है। नदी अब तक आबादी से लगी कई बीघा कृषि भूमि का कटान कर चुकी है। मंगलवार को नदी के उफान ने सबलगढ़ और गांव रामपुर चाठा में फिर से कटान किया। कटान क्षेत्र से गांव की दूरी मात्र 50 मीटर दूर है। ग्रामीण कई वर्षों से कटान क्षेत्र में तटबंध बनवाने की मांग प्रशासन से कर रहे हैं।