- अफजलगढ़ क्षेत्र के आलमपुर गावड़ी और रेहड़ क्षेत्र के लालबाग में हुआ हादसा
- बनैली और धारा नदी में पहाड़ों से बहकर आईं लकड़ियों को निकाल रहे थे दोनों
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़/रेहड़ (बिजनौर)। गांव आलमपुर गावड़ी के निकट बनैली नदी से बह कर आ रही लकड़ियां निकालने गया युवक नदी के तेज बहाव में डूब गया। घटना के आठ घंटे बीतने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चला। उधर, रेहड़ क्षेत्र के लालबाग में भी एक युवक धारा नदी में बह रही लकड़ियां निकालने के प्रयास में डूब गया। दोनों युवकों की तलाश की जा रही है।
अफजलगढ़ क्षेत्र में गांव टांडा वैरागी में अपनी ससुराल में रह रहा साजिद (36) पुत्र अनवर आलमपुर गांवड़ी के समीप नदी में पहाड़ों से बह कर आ रही लकड़ियां निकालने गया था। जब वह नदी से लकड़ी निकालकर किनारे की ओर आ रहा था तो नदी के तेज बहाव बह गया। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से युवक की नदी में तलाश की, लेकिन दो घंटे बीतने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चला। सूचना पर थानाध्यक्ष हम्बीर सिंह पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से युवक को आलमपुर गांवड़ी सहित शाहपुरजमाल पुल, भूतपुरी पुल व मनोहरवाली रपटे के समीप तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पीएसी के गोताखोरों की टीम बुलाई गई, उन्होंने मोटरबोट की मदद से युवक को आलमपुर , शाहपुरजमाल पुल, भूतपुरी व मनोहरवाली रपटे के समीप तलाश किया, लेकिन आठ घंटे बीतने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लगा। युवक नजीबाबाद के किसी गांव का रहने वाला था और करीब 15 वर्षों से अपनी ससुराल टांडा वैरागी में रह रहा था। नदी का पानी डैम से बंद करा दिया गया है।
उधर, रेहड़ के गांव लालबाग निवासी 45 वर्षीय तारा सिंह मंगलवार शाम अपने भांजे नवप्रीत सिंह के साथ कल्लूवाला के साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने आया था। वापस जाते समय तारा को गांव के समीप धारा नदी में लकड़ियां बहकर आती दिखाई दीं। दोनों शाम को लालबाग के निकट धारा नदी से लकड़ियां निकालने चले गए। तभी तारा नदी के तेज बहाव के कारण पानी में बह गया। नवप्रीत के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और तारा की खोज करने लगे, लेकिन खराब मौसम व अंधेरे कारण कोई सफलता हासिल नहीं हो सकी। हादसे की सूचना मिलने पुलिस ने बगीचा सिंह, कुलवंत सिंह, आशा सिंह, विक्रम सिंह आदि ग्रामीणों के साथ बुधवार सुबह धारा नदी, बैराज क्षेत्र आदि में युवक को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं लग सका। इस मौके पर थाना प्रभारी सुनील कुमार, चौकी इंचार्ज कल्लूवाला विनोद पांडेय आदि मौजूद रहे।