नजीबाबाद। सीमांत ग्राम पंचायत मोटाढाक जनपद बिजनौर की कोटद्वार सीमा पर स्थित ग्राम पंचायत है। स्कूली वाहनों के आवागमन से जुड़ा बदहाल मार्ग ग्राम वासियों के लिए परेशानी का सबब बना है।
गांव मोटाढाक से चतरूवाला तक करीब तीन किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और कंक्रीट है। करीब पांच-छह वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्ग बनवाया गया था। चतरूवाला में डेढ़ दर्जन बोक्सा जनजाति परिवारों सहित करीब 45 से अधिक परिवार रहते हैं। आवागमन का मुख्य मार्ग खस्ताहाल होने से विद्यार्थी और ग्रामीण जोखिम उठाकर आवागमन कर रहे हैं।
गांव चतरूवाला निवासी महिमानंद बलूनी कहते हैं कि संपर्क मार्ग से बलूनी पब्लिक स्कूल, सिद्धबली मेडिसिटी अस्पताल, प्राथमिक विद्यालय मोटाढाक व चतरुवाला सहित कई महत्वपूर्ण संस्थान जुड़े हैं। लोक निर्माण विभाग स्थिति से आंखें मूंदे है।
गांव मोटाढाक निवासी अंकुश नेगी बताते हैं कि मार्ग पर आए दिन दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। प्रशासन को अवगत कराया जाता है लेकिन मुख्य संपर्क मार्ग की स्थिति सुधारने के प्रति कार्रवाई नहीं होती।
गांव चतरुवाला निवासी अमित असवाल ने प्रशासन से मार्ग की स्थिति और ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेकर संभावित दुर्घटना को समय रहते टालने के लिए मार्ग के गड्ढे तत्काल समतल कराने की मांग की है।
ग्राम प्रधान सागर बडोला बताते हैं कि लगातार जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से करीब तीन किलोमीटर लंबा मुख्य मार्ग बनवाने के लिए प्रयास किया जा रहे हैं। जिलाधिकारी से भी आश्वासन मिला है।
विशेष मरम्मत कार्य योजना में संपर्क मार्ग शासन से स्वीकृत कराया जाएगा। गड्ढों को जनहित में शीघ्र समतल कराया जाएगा। -शैलेंद्र सारस्वत, एक्सईएन, लोनिवि नजीबाबाद