बिजनौर। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर इस बार खूब रस्साकसी चल रही है। एक गुट की ओर से चुनावी प्रक्रिया को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी, जिस पर कल सुनवाई होगी। वहीं बार एसोसिएशन के चुनावी कार्यक्रम के तहत आज होने वाली नामांकन प्रक्रिया को लेकर संशय बना हुआ है।
इस बार जिला बार एसोसिएशन एंड लाईब्रेरी में अध्यक्ष पद के लिए अधिवक्ता राजेंद्र सिंह ने ताल ठोंक रखी है। राजेंद्र सिंह बिजनौर सदर से विधायक सूचि चौधरी के ससुर हैं। बताया जा रहा है कि अधिकांश अधिवक्ता उनके समर्थन में आ चुके हैं। हालांकि नाटकीय घटनाक्रम के बीच इस चुनाव पर संकट के बादल भी मंडरा गए। 13 मार्च को एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष ठाकुर चंद्रवीर सिंह गहलौत ने प्रेसनोट जारी कर अध्यक्ष समेत अलग अलग पदों पर नामांकन प्राप्त होने का दावा किया था। जिसके बाद जिला बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के अध्यक्ष यशपाल सिंह एडवोकेट ने भी प्रेस नोट जारी किया। जिसमें कहा था कि एक सीनियर अधिवक्ता ने अधिवक्ताओं में भ्रम फैलाया। आरोप था कि भ्रम फैलाते हुए नामांकन 13 मार्च को कराने की बात कही। कहा था कि जिला बार एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि चरत सिंह एडवोकेट द्वारा घोषित कमेटी द्वारा ही चुनाव कराया जाएगा। जिसके तहत आज 16 मार्च को नामांकन प्रक्रिया होनी थी, मगर नामांकन होगा या नहीं, इस पर संशय बना हुआ है। इस चुनाव को लेकर हाईकोई में 17 मार्च की तारीख सुनवाई के लिए तय है।