अफजलगढ़ (बिजनौर)। गांव भज्जावाला में गुलदार का आतंक छाया हुआ है। रविवार की रात गुलदार ने एक निराश्रित बछिया को निवाला बना डाला तथा गांव में घरों के नजदीक मंडराता रहा। अलियार पुर मार्ग पर भी ग्रामीणों को दिखाई दिया, जिससे ग्रामीणों में भय व्याप्त है। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
गांव अलियारपुर काॅलोनी निवासी बृह्मपाल सिंह ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे उठे तो उन्होंने टाॅर्च की रोशनी में गुलदार को खड़े देखा। गुलदार को देखकर उनके होश उड़ गए वह भाग कर घर में घुसे। वहीं गांव के पश्चिम की ओर एक बाग में गुलदार ने एक निराश्रित बछिया को निवाला बना डाला। शिकार की तलाश में गुलदार रात भर गांव में बस्ती के बीच मंडराता रहा, जिससे ग्रामीण रात भर परेशान रहे। ग्रामीण बृह्मपाल सिंह, रेशू, मनी, संजय विपिन हरपाल व रोहताश सिंह आदि का कहना है कि गुलदार शिकार की तलाश में गांव के जंगल व बस्ती के बीच मंडरा रहा है।
ग्रामीणों में गुलदार का भय व्याप्त है। ग्रामीणों को आशंका सता रही है कि कहीं गुलदार किसी अनहोनी घटना को अंजाम न दे बैठें। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गांव में पिंजरा लगवाकर गुलदार को पकड़वाए जाने की मांग की है। इस संबंध में नगीना रेंजर प्रदीप शर्मा ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने तथा शीघ्र ही गांव में पिंजरा लगावाए जाने की बात कही है।