बिजनौर में गर्मी और लू से अपने बच्चे व खुद को बचाती महिला। संवाद
बिजनौर। दिनोंदिन सूर्यदेव की तपिश बढ़ने से जनपद में गर्मी बढ़ रही है। सुबह दस बजे के बाद से ही लू की लपटें असर दिखाने लगी है। गर्मी को देखते हुए शासन व प्रशासन ने अलर्ट जारी कर रखा है। इसके चलते परिषदीय विद्यालयों में समय परिवर्तन हो गया है। अब परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई का समय सुबह 7.30 बजे से 12.30 बजे तक होगा। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर में शहर की सड़कों पर आवाजाही कम हो रही है। गर्म हवा और धूप से लोगों की त्वचा झुलसने लगी है। चिकित्सकों का कहना है कि भीषण गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरते। पर्याप्त पानी पीते रहें और शरीर को हाइड्रेट रखें। हल्के और ढीले कपड़े पहनें तथा सिर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें। धूप में निकलते समय चश्मा और सनस्क्रीन का उपयोग करें।