दूल्हे की बाथरूम में करंट लगने से मौत
नगीना(बिजनौर)। निकाह के लिए तैयार होने के लिए बाथरूम में नहाने गए दूल्हे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। दूल्हे की मौत से उसके परिजनों व होने वाली ससुराल में कोहराम मच गया। दूल्हेे के घर के बाहर शोक जताने वालों की भीड़ लग गई। दो परिवारों की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजन गैस गीजर के सिलिंडर की गैस चढ़ने से बाथरूम में ऑक्सीजन कम होने के कारण दम घुटने से मौत की वजह मान रहे हैं वहीं डॉक्टर के अनुसार करंट से युवक की मौत की बात सामने आ रही है।
मोहल्ला काजी सराय द्वितीय निवासी आरा मशीन कारोबारी इतफाल अहमद के युवा पुत्र 27 वर्षीय अब्दुल्ला का निकाह नगर के ही मोहल्ला काजी सराय द्वितीय निवासी हैंडीक्राफ्ट कारोबारी शेख अंजार की पुत्री के साथ से तय हुआ था। दोनों परिवारों के घर कुछ ही फासले पर है। धामपुर रोड स्थित एक मैरिज हॉल में रविवार 12 जनवरी की रात अब्दुल्ला का निकाह होना था। दोनों परिवारों की विवाह समारोह की भव्य तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। कन्या पक्ष के लोग मैरिज हॉल में पहुंच चुके थे। शाम छह बजे बरात बैंक्वेट हॉल जानी थी। परिजनों के अनुसार शाम करीब चार बजे दूल्हा अब्दुल्ला तैयार होने से पूर्व नहाने के लिए बाथरूम में गया, लेकिन जब एक घंटे तक भी अब्दुल्ला बाथरूम से नहीं निकला तो परिजनों ने बाथरूम का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा बंद था और अब्दुल्ला ने कोई जवाब नहीं दिया। परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि अब्दुल्ला फर्श पर मूर्छित हालत में पड़ा था। आनन फानन में निजी चिकित्सक डा.अशोक गुप्ता के क्लीनिक पर ले गए। डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डा.अशोक गुप्ता का कहना है कि अब्दुल्ला की मौत करंट लगने से हुई है। वहीं परिजनों का कहना है कि बाथरूम में कोई भी बिजली का प्वाइंट नहीं है। करंट कैसे लग सकता है। उन्होंने बाथरूम में गैस गीजर के कारण आक्सीजन कम होने से दम घुटने से मौत होने की आशंका जताई है।
चार बहनों में था इकलौता
अल्दुल्ला अपनी चार बहनों का इकलौता भाई था। अब्दुल्ला के मां-बाप तथा बहनों का रो रो कर बुरा हाल है। इतफाल अहमद के घर पर पूर्व चेयरमैन शेख खलीलुर्रहमान, हैंडीक्राफ्ट कारोबारी जुल्फिकार आलम, मुफ्ती मोनिश हुसैन, काजी अरशद मसूद, अरशद प्रिंस, परवेज आदिल माही, शेख अजीमुरहमान ,शेख परवेज पाशी आदि ने मृतक अब्दुल्ला के घर पहुंच कर शोक व्यक्त किया।