बिजनौर में सूबे में अभी भाजपा की सरकार बनी भी नहीं है कि जिले के अफसर चौकन्ने हो गए हैं। अफसरों ने पुराने घोटालों की फाइलें खंगालकर उनकी जांच करानी शुरू कर दी है। इसे लेकर जिले में हलचल है।
सूबे में भाजपा की सरकार रविवार को बनना संभावित है। पर आला अफसर इससे पहले ही सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने पुराने घोटालों की फाइलें खंगालनी शुरू कर दी हैं। इनकी जांच शुरू कराई जा रही है। यह वे घोटाले हैं, जिनके आरोप सपा सरकार के दौरान लगे थे, लेकिन इनकी जांच नहीं हुई। बताया जाता है कि इनकी फाइलों को अफसरों ने नेताओं के दबाव में दबा दिया था। अब ये सभी फाइलें खुल रही हैं।
डीएम जगतराज ने जलीलपुर में स्वीकृत 92 इंदिरा आवास, नजीबाबाद ब्लॉक में पांच इंदिरा आवास में हुई गड़बड़ी की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के साथ दोषियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराने को कहा गया है। इसके अलावा इंदिरा पार्क में इंटरलॉकिंग टाइल्स, सोलर लाइट, रैट्रो रैफ्लेक्टिव कैंटीलीवर साइन बोर्ड में हुए गोलमाल की जांच के भी निर्देश दिए गए हैं। अफसर छोटे से बड़े तक सभी घोटालों की फाइलें खंगाल रहे हैं।