धामपुर में कोतवाली में धरना देकर प्रदर्शन करते मृतक युवती के परिजन। स्रोत संवाद
- फोटो : samvad
धामपुर। पोषक नहर में मिले गांव दीत्तनपुर निवासी रूचिका (25) के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत स्पष्ट हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गला घोंटकर युवती की हत्या कर शव को पोषक नहर में फेंक दिया।
मंगलवार को मृतक युवती के परिजनों ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर थाने में प्रदर्शन कर करीब तीन घंटे तक धरना दिया। इस दौरान पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए ग्रामीणों को थाने से खदेड़ भी दिया।
परिजनों के अनुसार ग्राम दीत्तनपुर निवासी रुचिका रानी 10 मई को घर से ब्यूटी पार्लर के निकली थी। जब वह शाम तक घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने युवती के गायब होने की तहरीर दी और अनहोनी की आशंका जताते हुए एक युवक पर शक जताया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पुलिस ने लापता युवती के पिता देव सिंह की तहरीर पर 16 मई को रिपोर्ट दर्ज की। इसी दौरान 18 मई रविवार को रुचिका का शव पोषक भज्जावाला गांव के पास नहर से मिल गया था।
मंगलवार को युवती के परिजनों ने ग्रामीणों के साथ थाने पर युवती की हत्या का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि पुलिस ने परिजनों को बिना बताए ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका के पिता का आरोप है कि बेटी की हत्या कर आरोपियों ने उसके शव नहर में फेंका।
पुलिस के समझाने पर प्रदर्शनकारी जब शांत नहीं हुए तो पुलिस ने उन्हें लाठियां फटकार कर थाने से खदेड़ दिया। इस दौरान हेमंत कुमार पूर्व प्रधान, रेखारानी, हेमेंद्र कुमार, देव सिंह आदि रहे।
उधर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अमित कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवती की मौत का कारण गलाघोंट कर होना पुष्ट हुआ है। पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है।