- पुलिस पांच छह गोताखोरों के सहारे युवती को तलाशने का कर रही प्रयास
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। पूरनपुर मिलक-भज्जावाला के पास से गुजर रही रामगंगा पोषक नहर में एक युवती ने आत्महत्या करने के उद्देश्य से छलांग लगा दी। मामला शुक्रवार सवेरे के साढ़े आठ बजे का है। आसपास मौजूद लोगों का कहना है कि युवती फोन पर किसी से तेज आवाज में बात कर रही थी। बात करते करते ही उसने नहर में छलांग लगा दी।
थाना क्षेत्र के गांव पूरनपुर मिलक और भज्जावाला के पास से रामगंगा पोषक नहर निकलती है। इन दिनाें नहर में छह हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी बह रहा है। शुक्रवार सवेरे करीब साढ़े आठ बजे एक युवती ने नहर में छलांग लगा ली। लोगों ने उसे देखा तो उन्होंने शोर मचाया। काफी लोग बचाव के लिए दौड़े, लेकिन तब तक युवती गहरे पानी में डूब चुकी थी। सूचना पर कोतवाल माधो सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से प्रयास किया। बाद में पुलिस ने पांच से ज्यादा गोताखोंरों की व्यवस्था की। गोताखोरों ने शाम तक युवती को बरामद करने का प्रयास किया। लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। पुलिस ने घटना के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यहां पर अक्सर युवक और युवतियां नहर में छलांग लगा कर आत्महत्या कर चुके हैं। कई दिन के बाद उनके शव की बरामदगी होती है। एक साल पहले आरएसएम कॉलेज में बीए में पढ़ रही एक युवती ने नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या की थी। उसका शव पुलिस ने कई दिन के बाद घटना स्थल से करीब आठ दस किमी दूर से बरामद किया था।