बिजनौर बैराज पुल पर क्षतिग्रस्त स्लैब को ठीक करती टीम। संवाद
बिजनौर। बिजनौर बैराज के स्लैब की मरम्मत का सिलसिला शनिवार को जारी रहा। इसी क्रम में स्लैब के एक्सपेंशन ज्वाइंट के गैप को कम करने का काम किया गया। अब बेयरिंग को बदलने का काम किया जाना बाकी रह गया है।
शनिवार को गेट नंबर बीस और 21 के बीच रामधारा के स्लैब पर बेहद ही सावधानी से काम किया गया। जिससे गैप को कम किया जा सके। बता दें कि आठ अगस्त को रामधारा वाले स्लैब को ज्यादा हिलते हुए देखा गया। इसके बाद वाहनों के लिए बैराज को बंद कर दिया और जांच पड़ताल का दौर चालू हुआ। ब्रिज एक्सपर्ट की जांच में उक्त स्लैब के बेयरिंग खराब मिले थे।
मरम्मत करने के लिए बृहस्पतिवार को गार्डर और पिलर के बीच जैक लगा दिए गए थे। जिससे गार्डर को स्लैब समेत ऊपर उठाया गया। शुक्रवार को बेयरिंग के कंक्रीट से बने हुए आधार यानि पेडस्टल को तोड़कर साफ किया गया। अब शनिवार को गैप कम करने के लिए टीम लगी रही। उधर मरम्मत के चलते राहगीरों को सावधानी के साथ निकाला जा रहा है। बाइक सवार भी उक्त स्लैब पर पहुंचते ही पैदल बाइक निकाल रहे हैं।