- गुलदार के हमलों में 20 से ज्यादा लोग हो चुके घायल
- अकेले नगीना रेंज में गुलदार के हमले में तीसरी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना (बिजनौर)। क्षेत्र में पिछले एक साल के दौरान गुलदार के हमले में दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने व मौत की तीसरी घटना है। इसके बावजूद भी वन विभाग की कोई भी कोशिश गुलदार के हमले को रोकने में कामयाब होती नहीं दिख रही है। बृहस्पतिवार को गुलदार के हमले में युवक की मौत के कई घंटे बाद भी वन विभाग के किसी भी कर्मचारी के मौके पर न पहुंचने से ग्रामीणों में बेहद आक्रोश रहा।
नगीना क्षेत्र में गुलदार ने पिछले एक साल में दो दर्जन से अधिक बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं व बच्चों को हमला कर घायल कर दिया। क्षेत्र में गुलदार ने 17 फरवरी को क्षेत्र के ग्राम किरतपुर निवासी 14 वर्षीय किशोरी अदिति को मार दिया था। इसके बाद 18 मार्च को क्षेत्र के ग्राम काजीवाला में जंगल में शौच को गई 40 वर्षीय महिला मिथलेश देवी को मारा। दोनों गांवों में वन विभाग ने हमलावर गुलदार को पकड़ने में सफलता तो हासिल कर ली थी, लेकिन गुलदार के हमले अभी भी जारी हैं।
बृहस्पतिवार को गांव तेलीपुरा में गुलदार के हमले में युवक की मौत के कई घंटों बाद भी वन विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिसको लेकर ग्रामीणों व किसान यूनियन के नेताओं में बेहद आक्रोश है। मौके पर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष बाबूराम तोमर, ब्लॉक अध्यक्ष बलजीत सिंह, सोनू सिंह विरक, होशियार सिंह, नरदेव सिंह, गुड्डू बालियान, इमरान मलिक, रोहित राणा, पुनीत कुमार, वीर सिंह आदि ने वन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।