हाथ पर रची मेहंदी संग प्रियंका के हिस्से आया दर्द
हाथ पर रची मेहंदी के साथ ही प्रियंका के हिस्से सिर्फ दर्द ही आया। पहले पति से अनबन के साथ शुरू हुआ वैवाहिक जीवन पति की आत्महत्या के साथ पूरी तरह टूट गया। बच्चों की परवरिश की खातिर देवर संग उसने दूसरी शादी की, लेकिन फिर सुकून की एक सांस भी उसे नहीं मिल सकी। प्रियंका की शादी होने के कुछ समय बाद ही प्रियंका का दुखों से गहरा नाता होने लगा था।
शादी के बाद से ही पहले पति दीपक के साथ उसकी अनबन शुरू हो गई थी। दोनों पति पत्नी की अनबन इतनी बढ़ गई थी कि शादी के एक वर्ष बाद ही दीपक ने स्योहारा रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी। दीपक की मौत के कुछ समय बाद ही प्रियंका ने अपने व बच्चे की परवरिश को देखते हुए अपने देवर जोनी के साथ कोर्ट मैरिज कर जिंदगी को नये सिरे से जीने की उम्मीद की थी।
मगर प्रियंका का अभी दुखों से छुटकारा नहीं था। सब कुछ ठीक होते हुए एक पुत्र की प्राप्ति और हुई। कई माह से जोनी के मन में उपजे शक ने रविवार की रात जोनी को प्रियंका की हत्या करने पर मजबूर कर दिया। हत्या के बाद बिना कोई पछतावा किए अपने को सही ठहराते हुए थाने पहुंच उसने जुर्म कबूल भी कर लिया।