चांदपुर में वायरल वीडियो में पैसे लेते दिखता अहलमद फौजदारी।
पचास का जमाना चला गया...तो क्या गरीब के कपड़े उतारोगे साहब। ये बोल एक वीडियो में सुनाई दे रहे हैं। वीडियो भी ऐसी जगह का है जहां न्याय होता है, यानि एसडीएम कोर्ट चांदपुर का। कोर्ट में अहलमद फौजदारी बाबू को पांच सौ रुपये लेते हुए देखा जा रहा है। जबकि देने वाले ने पहले पचास रुपये की पेशकश की थी, लेकिन उसे यह कहकर बाबू ने ठुकरा दिया कि पचास का जमाना चला गया है, वो जमाना अब राजस्थान में है, यहां नहीं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में शांतिभंग के किसी मामले में एक वकील कोर्ट के अहलमद फौजदारी बाबू से बात करते हैं। किसी काम की एवज में बाबू पैसों की डिमांड करता है। उधर से वकील पचास रुपये की बात कहता है, जिस पर बाबू कहता है कि पचास का जमाना चला गया। जिस पर वकील कहता है कि गरीब के कपड़े उतारोगे क्या साहब। आखिरकार बाबू को पांच सौ का नोट दे दिया जाता है। जिसे वह जेब में रख लेता है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today 18 March: मेरठ समाचार | सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें
पूरे मामले में बैठी जांच
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन फानन मामले में जांच बैठा दी गई। एडीएम चांदपुर रितु रानी ने दोनों ही पक्षों को बुलाकर जांच की। बताया जा रहा है कि जांच में कहा गया कि बाबू ने दवाई के पैसे लिए थे। जिस पर सवाल उठता है कि आखिर कोर्ट में दवाइयों के खरीदने या बेचने का काम भी होता है क्या।
मैंने वीडियो देखी है, आरोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इस तरह का कार्य करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा
- उमेश मिश्रा, डीएम
यह वीडियो संज्ञान में आया था। इसके बाद मामले की जांच की गई और संबंधित अहलमद फौजदारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। मामले की जांच चल रही है
- रितु रानी, एसडीएम चांदपुर