- संचालक के 452 पदों के लिए होना है चुनाव, मैदाना में हैं 1079 प्रत्याशी
- जिले की 93 समितियों में डेढ़ लाख मतदाता चुनेंगे संचालक, सुबह आठ बजे से मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। सहकारी समितियों में संचालक पदों के लिए चुनाव कराने के लिए जिले में सेक्टर व्यवस्था लागू कर दी गई है। जिले को 21 सेक्टर में बांटा गया है। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आज सुबह आठ बजे से वोट डाले जाएंगे। पुलिस के साथ साथ पीएसी की एक कंपनी को तैनात किया गया है। चुनाव कराने के लिए मतदान अधिकारियों की नियुक्ति हो गई है।
जिले की 93 सहकारी समितियों में संचालक का चुनाव है। इन समितियों में 452 संचालक चुनने के लिए 18 मार्च अर्थात आज वोट डाले जाएंगे। चुनाव मैदान में 1079 प्रत्याशी हैं। मतदान सुबह 08 बजे शुरू होकर शाम 05 बजे तक होगा। समितियों पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चुनाव में करीब डेढ़ लाख मतदाता वोट डालेंगे। मतदाताओं से कहा गया है कि वे वोट डालने के लिए निर्धारित पहचान पत्र लेकर आएं। बिना पहचान पत्र के वोट नहीं डाल सकेंगे।
सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती
सहकारी समितियों में संचालक का चुनाव महत्वपूर्ण है। समितियों के निर्वाचित संचालक में से ही सभापति, उपसभापति बनेंगे। सभापति व उपसभापति के चुनाव में संचालक मतदाता होते हैं। इसलिए प्रशासन ने निष्पक्ष चुनाव कराने के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिले को संचालक चुनाव में 21 सेक्टर में बांटकर निगरानी होगी। एक सेक्टर मजिस्ट्रेट के क्षेत्र अधिकतम पांच समिति है। सहायक निबंधक सहकारी समितियां डॉ. प्रदीप सिंह के अनुसार सेक्टर मजिस्ट्रेट जिला स्तरीय अधिकारी हैं। डीएम उमेश मिश्रा भी चुनाव व्यवस्था की लगातार जानकारी ले रहे हैं।
इतनी पुलिस रहेगी तैनात
6 सीओ, 15 निरीक्षक, 100 उपनिरीक्षक, 392 सिपाही, 20 महिला सिपाही, 94 होमगार्ड, एक कंपनी पीएसी
मतदान अधिकारी नियुक्त
सहायक निबंधक सहकारी समितियां डॉ. प्रदीप सिंह ने बताया कि 452 वार्ड में संचालक का चुनाव है। सभी वार्ड में चुनाव अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं। चुनाव अधिकारी बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षक हैं। सभी मतदान अधिकारियों को बी एस ए के माध्यम से नियुक्ति पत्र प्राप्त करा दिए गए हैं। मतदान अधिकारियों को तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। सहायक निबंधक सहकारी समितियां डॉ प्रदीप सिंह के अनुसार संचालकों का मतदान शाम पांच बजे शुरू होगा। मतदान समाप्त होने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना होगी। इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित हो जाएगा। समितियों के सभापति,उप सभापति तथा अन्य संस्थाओं को भेजे जाने वाले प्रतिनिधि मंडल का चुनाव 19 मार्च को होगा। बताया कि नामांकन से लेकर परिणाम घोषित तक की समस्त प्रक्रिया एक ही दिन में होगी।