बिजनौर। जिले के डिग्री कालेजों की बेटियों ने पढ़ाई में प्रतिभा का लोहा मनवाया है। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की जारी टॉपर मेरिट सूची में जिले के नौ छात्र- छात्राएं शामिल है। सभी को विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल मिलेगा। इनमें छह छात्राएं हैं। रुहेलखंड विश्वविद्यालय टीचर्स एसोसिएशन अर्थात रुटा के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार ने मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों की प्रशंसा की है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 29 दिसंबर को प्रस्तावित है। दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के टापर विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने 65 टॉपर विद्यार्थियों की सूची जारी की है। इनमें जिला बिजनौर के डिग्री कालेजों के नौ छात्र छात्राएं शामिल हैं। विश्वविद्यालय की मेरिट लिस्ट में शामिल जिले के नौ विद्यार्थियों में छह छात्राएं हैं। छात्राओं ने खेलकूद के साथ पढ़ाई में भी अपनी प्रतिभा को साबित कर दिया है।
बिजनौर मंडल में अव्वल
मुरादाबाद मंडल में गोल्ड मेडल हासिल करने में बिजनौर जिला मंडल में प्रथम स्थान पर है। जिले की झोली में नौ गोल्ड मेडल आए हैं । इसके बाद मुरादाबाद जनपद के हिस्से में आठ गोल्ड मेडल है।
स्वपोषित कालेजों ने बाजी मारी
रूहेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में जिले के डिग्री कालेजों के नौ विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल मिलेंगे। गोल्ड मेडल के लिए प्रस्तावित सभी छात्र छात्राएं स्वपोषित कालेजों के है। राजकीय डिग्री कालेजों का कोई छात्र मेरिट लिस्ट में नहीं है, जबकि अशासकीय सहायता प्राप्त डिग्री कॉलेज का मात्र एक छात्र है।
कृष्णा कॉलेज के तीन विद्यार्थियों ने टॉपर सूची में बनाया स्थान
बिजनौर। एमजेपी रुहेलखंड यूनिवर्सिटी बरेली द्वारा जारी सत्र 2021-22 की विश्वविद्यालय टॉपर सूची में बिजनौर के कृष्णा ग्रुप ऑफ कॉलेज के तीन विद्यार्थियों ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर टॉपर सूची में स्थान बनाया। ग्रुप के चेयरमैन मनोज कुमार ने बताया कि उत्कृष्ट शिक्षा, अनुशासन व रोजगार परक शिक्षा के लिए महाविद्यालय प्रतिबद्ध है और 22 वर्षो से बेहतर शिक्षा, उत्कृष्ट परीक्षाफल व रोजगार मुहैया कराता आ रहा है। प्राचार्या डॉ. सीमा शर्मा ने बताया कि एमएससी (बॉटनी) पाठ्यक्रम में छात्रा हिबा इदरीस ने 79.42 प्रतिशत अंक, एमएससी होम साइंस (फूड एंड न्यूट्रीशियन) पाठ्यक्रम में छात्रा मुक्ता चौधरी ने 77 प्रतिशत अंक, बीएससी होम साइंस की छात्रा सायमा खानम ने 83.50 अंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। संस्थापक निदेशक राजीव कुमार, प्रबंधक निदेशक पवन कुमार ने विद्यार्थी व कॉलेज स्टाफ को बधाई दी। प्राचार्य डॉ. परवेज अहमद खां ने बताया कि सभी टॉपर्स को 29 दिसंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह में राज्यपाल व विश्वविद्यालय कुलपति द्वारा गोल्ड मेडल एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किए जाने के लिए आमंत्रित किया गया है।