स्योहारा। स्टेशन रोड स्थित नगर पालिका की दुकानों का मामला एक बार फिर गरमा गया है। पालिका प्रशासन ने अवैध कब्जों पर सख्ती दिखाते हुए 27 दुकानदारों को अंतिम नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर दुकानें खाली करने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी गई है कि समय सीमा के बाद कार्रवाई कर कब्जा हटाया जाएगा।
स्टेशन रोड पर नगर पालिका की कुल 113 दुकानें हैं। 2006 में इन दुकानों के किरायेदारों का अनुबंध समाप्त हो गया था, लेकिन इसके बाद भी पूर्व के ईओ और पालिकाध्यक्ष ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। परिणामस्वरूप कई दुकानदार पुराने 50 रुपये प्रतिमाह किराये पर ही दुकानें चलाते रहे। इस दौरान कई प्रभावशाली लोगों ने नियमों को ताक पर रखते हुए पुरानी दुकानों को तोड़कर दो मंजिला तक बना ली। कुछ दुकानदारों ने दुकानों के ऊपर आवास भी बना लिए। इन निर्माण कार्यों के लिए किसी प्रकार का नक्शा भी स्वीकृत नहीं कराया गया।
नगर पालिका के ईओ बिजेंद्र सिंह पाल ने दुकानों के नवीनीकरण शुल्क और नए किराये को तय करने के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की थी। इसके बाद पालिका बोर्ड की ओर से प्रति दुकान 300 रुपये मासिक किराया और पुनः आवंटन के लिए 25 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया। पालिका के आदेश के बाद करीब 25 दुकानदारों ने अपनी दुकानों का पुनः आवंटन करा लिया है, लेकिन अभी भी कई दुकानदार अवैध रूप से कब्जा जमाए बैठे हैं। पालिका प्रशासन ने अब 27 ऐसे दुकानदारों को नोटिस जारी किया है। इसके अलावा 22 दुकानदार ऐसे हैं जिनके पूर्वजों के नाम दुकान का आवंटन हुआ था, लेकिन अब उनके निधन के बाद भी दुकानें खाली नहीं की गईं।
अवैध कब्जाधारकों से दुकानें खाली कराकर नए सिरे से खुली नीलामी प्रक्रिया के आधार पर किरायेदारी आवंटन किया जाएगा। जिन दुकानदारों ने न्यायालय में वाद दायर किया हुआ है, उनके मामले में न्यायालय के आदेश के अनुसार ही कार्रवाई की जाएगी। - बिजेंद्र सिंह पाल, ईओ, नगर पालिका स्योहारा