अफजलगढ़/रेहड़। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत कल्लूवाला में जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन करीब तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका।
नलकूप का बोरिंग करा दिया गया लेकिन इससे भी सीधे पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है। इससे पेयजल सहित अन्य कार्यों के लिए ग्रामीणों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शीघ्र पेयजल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
ग्रामीण सरोज सैनी, सरदार मलकीत सिंह व वीर सिंह सैनी आदि का कहना है कि गांव में 22 अगस्त 2023 को ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। निर्माण कार्य विंध्या गाजा संस्था के द्वारा करीब चार करोड़ सात लाख रुपये की लागत से किया जाना है। इस ओवरहेड टैंक से पंचायत के दो गांवों की करीब साढ़े तीन हजार से अधिक की आबादी को पेयजल का लाभ मिलेगा, लेकिन तीन साल बीतने पर भी ओवरहेड टैंक का निर्माण पूरा नहीं हो सका है।
ग्राम निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख रंजीत कौर का कहना है की तीन वर्ष से अधिक बीतने के बाद भी ओवरहेड टैंक का निर्माण पूरा नहीं हुआ है। इससे गांव में पानी की आपूर्ति नहीं कराई जा सकी। परियोजना को शीघ्र पूर्ण कराया जाना चाहिए। हेमंत जोशी का कहना है कि अभी ओवरहेड टैंक ही पूरा नहीं बन पाया है फिर पानी की आपूर्ति किस तरह से होगी। टैंक निर्माण से पूर्व बोरिंग व पाइप लाइन बिछाने का काम करा दिया गया है। सीधे नलकूप से भी आपूर्ति नहीं की जा रही है।
ग्रामीण गुरमीत सिंह का कहना है कि विभाग की हीलाहवाली के कारण ग्रामीणों को पेयजल परियोजना का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। ओवरहेड टैंक अधर में लटका है। पाइप लाइन भी सही से नहीं बिछाई गई है। ओवरहेड टैंक का शीघ्र निर्माण कराकर पानी की आपूर्ति शुरू की जानी चाहिए।
ग्राम निवासी सरोज देवी सैनी का कहना है कि विभाग द्वारा इसमें लापरवाही बरती जा रही है जबकि पानी की आपूर्ति के लिए कई बार जल निगम के भी अधिकारियों से मांग की जा चुकी है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
उधर, जल निगम के सहायक अभियंता अकबर हसन ने बताया कि धनराशि उपलब्ध नहीं होने के कारण काम पूरा नहीं हो पाया लेकिन अब थोड़ा बजट रिलीज हो गया है। उन्होंने बताया कि हालांकि टंकी निर्माण के लिए मार्च 2027 का समय है लेकिन जल्दी ही काम पूरा हो जाएगा।