बिजनौर। पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर कोतवाली देहात में चल रहा ओवर ब्रिज का निर्माण अब अंतिम दौर में पहुंच चुका है। दरअसल 18 स्लैब डाले जा चुके हैं, अब महज छह स्लैब डाला जाना बाकी रह गया है। ऐसे में अक्तूबर तक ओवर ब्रिज आवाजाही के लिए खोल दिए जाने की संभावना है।
कोतवाली देहात में 790 मीटर लंबा ओवर ब्रिज बनाया जा रहा है। हालांकि शुरुआती प्रोजेक्ट में इसकी लंबाई 220 मीटर ही रखी गई थी। बाद में दुकानदारों और लोगों की मांग को देखते हुए नेशनल हाईवे ने प्रोजेक्ट में बदलाव करते हुए ओवर ब्रिज की लंबाई को 970 मीटर कर दिया। यह ओवरब्रिज कोतवाली के एक छोर से दूसरे छोर पर वाहनों को ले जाकर उतारेगा। जिससे कोतवाली में जाम की समस्या भी खत्म होगी। पिछले कई सालों से ओवर ब्रिज का निर्माण चल रहा था। जिसमें कुल 24 स्लैब डाले जाने हैं।इनमें अब तक 18 स्लैब डाले जा चुके हैं। सिर्फ छह ही बाकी रह गए हैं। इसके अलावा सिर्फ एक प्वाइंट पर गार्डर रखा जाना बाकी रह गया है।
कांवड़ यात्रा के चलते फिलहाल थमा है काम
जिले में कांवड़ यात्रा चल रही है। जिसमें कोतवाली से भी शिवभक्तों के गुजरने का तांता लगा रहा है। जिसके चलते प्रशासन ने ट्रैफिक भी डायवर्ट किया। इसी डायवर्जन के चलते फिलहाल काम थमा हुआ है। मगर तीन अगस्त के बाद फिर से निर्माण तेजी पकड़ेगा।