बिजनौर। सदर विधायक सूची मौसम चौधरी ने अपने भाषण में कहा कि सपने में भी नहीं सोचा था कि बिजनौर विकास की राह में इतना आगे निकल जाएगा। भाजपा सरकार में ही ये संभव हो पाया। उन्होंने अपने भाषण में ही नगीना रोड के रेल फाटक पर ओवरब्रिज की मांग रख दी, जिस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ही हामी भर दी। बिजनौर सांसद चंदन चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार के साथ रालोद भाई की तरह साथ निभाता रहेगा। बोले कि बिजनौर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो चुका है। सड़कों का जाल बिछ रहा है। केंद्रीय विद्यालय मिल चुका है। जितना सोचा, उससे अधिक मिला। भाजपा नेता ऐश्वर्य मौसम चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास को लेकर कभी निराश नहीं किया। वहीं विधान परिषद सदस्य जयपाल सिंह व्यस्त बोले कि उत्तर प्रदेश 2017 से पहले बीमारू राज्य था, अब स्थिति उलट है। क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कहा कि भाजपा सरकार में उद्योगों को बढ़ावा मिला है।