पैजनियां। गांव पावटी के प्राथमिक विद्यालय में बांटी जा रही घटिया ड्रेेस को देखकर बच्चों के परिजन भड़क गए। उन्होंने स्कूल में जाकर जमकर हंगामा किया और ड्रेस स्कूल में ही फेंककर चले गए।
ब्लॉक हल्दौर के गांव पावटी के प्राथमिक विद्यालय में 60 बालिकाएं पंजीकृत हैं। बालिकाओं को दो-दो जोड़ी ड्रेस दी जा रही हैं। पिछले तीन दिनों से ड्रेस बांटने का काम चल रहा है। मंगलवार को अनेक अभिभावक बालिकाओं के साथ ड्रेस लेकर स्कूल पहुंचे।
उन्होंने घटिया ड्रेस वितरित करने का आरोप लगाते हुए स्कूल में हंगामा किया। आरोप लगाया कि ड्रेस पुरानी और फटी हुई हैं। कई ड्रेस की तो पूरी तरह सिलाई भी नहीं की गई है। स्कूल स्टाफ ने अभिभावकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित अभिभावक स्कूल में ड्रेस फेंककर चले गए।
इस दौरान अभिभावकों की टीचरों से नोकझोंक भी हुई। अभिभावकों गीता देवी, पवन कुमार, अकबर अली, अशोक कुमार का आरोप है कि ड्रेस वितरण में अधिकारी कमीशनखोरी कर रहे हैं।
उधर, बीएसए राजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक मामला उनके संज्ञान में नहीं है। बच्चों को घटिया ड्रेस वितरित करना गलत है। वे मामले की जांच कराएंगे।