बिजनौर, पैजनिया। जानलेवा बुखार से मरने वालों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। अब एक बालक की बुखार से मौत हो गई। पिछले एक माह में अकेले पैजनिया गांव में ही बुखार से मरने वालों की संख्या सात हो गई है। जबकि क्षेत्र में बुखार से 10 से अधिक मौत हो चुकीं हैं।
ग्राम पैजनिया निवासी अरविंद का पुत्र आयांश (एक) पिछले 10 दिन से बुखार से पीड़ित था, जिसका उपचार बिजनौर के एक निजी चिकित्सक के चल रहा था। रविवार की रात बुखार से पीड़ित मासूम ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। गांव निवासी वर्षा त्यागी, अर्पित त्यागी, वरनियम त्यागी, जयप्रकाश, विजय, मोना त्यागी, ऋषि पाल, सर्वरी खातून, शफीक अहमद, मुस्तकीम अहमद, राबिया, शिवम सैनी, प्रतिभा सैनी, सावित्री सैनी सुमंत्रा देवी समेत कई दर्जन लोग बुखार से अभी भी पीड़ित हैं। बुखार के चलते स्वास्थ्य विभाग के इंतजाम भी नाकाफी साबित हो रहे हैं। नूरपुर सीएचसी प्रभारी अजय गंधर्व ने बताया कि मंगलवार से गांव में प्रतिदिन कैंप कर जांच कराई जाएगी।