बिजनौर। बदलते मौसम के साथ ही वाटर बॉर्न डिजीज (जल जनित बीमारियों) का खतरा बढ़ गया है। मेडिकल कॉलेज में रोजाना करीब 20 मरीज उल्टी-दस्त, पेट दर्द और गैस की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, तापमान में उतार-चढ़ाव और दूषित खानपान की वजह से यह समस्या तेजी से फैल रही है।
मेडिकल कॉलेज में इन दिनों उल्टी-दस्त के साथ पेट में ऐंठन, गैस और कमजोरी की शिकायतें लेकर अधिक लोग पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि दूषित पानी पीने और खराब या बासी भोजन के सेवन से संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है।
कई लोग लापरवाही में कटे हुए फल या खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थ खा लेते हैं, जिससे संक्रमण तेजी से फैलता है। इसके अलावा घर में रखा पुराना पानी या बिना ढके बर्तन भी बीमारी की वजह बन सकते हैं।
मेडिकल कॉलेज के फिजीशियन डॉ. राजेश डाबरे ने कहा कि स्वच्छता जरूरी है। खुले में रखा खाना न खाएं। दूषित खानपान की वजह से उल्टी, दस्त की समस्या ज्यादा देखने को मिल रही है।