भवन होता जा रहा खंडहर, नहीं हुआ कक्षा संचालन शुरू
मंडावली/नजीबाबाद। पिछले करीब छह साल से अधिक समय से अनदेखी के चलते राहतपुर खुर्द में करीब 12.30 करोड़ की लागत से बनाए गया पॉलिटेक्निक कालेज भवन खंडहर में तब्दील होता जा रहा है। शासन से दूसरी किश्त के बाद किसी तरह की धनराशि अवमुक्त न होने से कालेज का कुछ निर्माण कार्य शेष है।
मंडावली क्षेत्र के गांव राहतपुर खुर्द में वर्ष 2012 में ग्राम समाज की करीब 23 एकड़ जमीन पर पॉलिटेक्निक कालेज का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। कालेज का निर्माण कार्य वर्ष2014 में पूरा होना था, लेकिन समय पर धनराशि न मिलने पर भवन का निर्माण कार्य वर्ष 2015 में पूरा किया गया। ठेकेदार हरिराज सिंह ने बताया कि 12 करोड़ 30 लाख रूपये की लागत से कालेज भवन तैयार किया जाना था। शासन से आठ करोड़ रुपये की धनराशि दो किस्तों में मिली है, लेकिन चार करोड़ 30 लाख रुपये की तीसरी किस्त नहीं मिली। जिस कारण कालेज भवन में कुछ कार्य शेष है। वर्ष 2015 से पॉलिटेक्निक कालेज भवन वीरान पड़ा है। विद्यालय की बाउंड्री के आस-पास भारी मात्रा में कबाड़ खड़ा हुआ है।
शासन की बेरूखी से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं का पॉलिटेक्निक कालेज में पढ़ाई कर भविष्य संवारने का सपना भी अधूरा रह गया है। क्षेत्रवासियों ने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से पॉलिटेक्निक कालेज का संचालन शुरू कराने की मांग, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।