मेरी पंचायत...
बीते चार वर्षों में पाहुली ग्राम पंचायत में हुए 25 लाख के विकास कार्य
कूड़ा निस्तारण केंद्र होने के बावजूद नहीं हो रहा संचालन
चांदपुर। जलीलपुर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत पाहुली में बीते चार वर्षों में करीब 25 लाख रुपये का बजट विकास कार्यों पर खर्च किया गया। करीब 1250 मतदाता वाली इस पंचायत में कई कार्यों की दरकार है। गांव में नलकूप का बोरिंग तो हो गया है लेकिन अभी तक ओवरहेड टैंक का निर्माण नहीं हुआ है। कूड़ा निस्तारण केंद्र होने के बावजूद इसका संचालन नहीं हो रहा।
ई-स्वराज पोर्टल के अनुसार वित्तीय वर्ष 2021-22 में करीब 4.71 लाख, वर्ष 2022-23 में करीब 6.97 लाख, वर्ष 2023-24 में करीब 3.82 लाख, वर्ष 2024-25 में करीब 8.27 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। वैसे तो गांव की अधिकतर सड़कें सीसी की बनी हुई हैं, लेकिन स्कूल के पास और कुछ अन्य सड़कों का निर्माण होना है। गांव में दो सफाईकर्मी तैनात हैं। कूड़ा निस्तारण केंद्र का संचालन नहीं हो रहा है।
बोले ग्रामीण...
गांव निवासी राजीव कुमार ने बताया कि गांव की कई सड़कें अभी भी खराब हैं। कहीं-कहीं पानी भी भर जाता है। उनके घर के पास की सड़क भी खराब है। पानी की आपूर्ति के लिए गांव में पाइप लाइन डाली गई लेकिन उसके बाद सड़क की मरम्मत नहीं हुई है।
ग्रामीण वीरेंद्र सिंह का कहना है कि पेयजल आपूर्ति के लिए नलकूप का बोरिंग तो हो गया है। गांव में पाइप लाइन भी डाली जा चुकी है लेकिन ओवरहेड टैंक नहीं बना। गांव में कनेक्शन पाइप जगह-जगह ऐसे ही पड़े हुए हैं। पानी की सप्लाई नहीं है। पंचायत घर की बाउंड्री भी नहीं है।
गांव निवासी डॉ. सुरेश सिंह ने बताया कि गांव में कोई अस्पताल नहीं है। बीमारी में करीब 10 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। जंगल की बिजली के तार लटके हुए हैं। खेत में काम करते हुए भी डर लगता है।
-
ग्राम प्रधान भगवान देई का कहना है बीते चार वित्तीय वर्ष में करीब 25 लाख रुपये गांव के विकास कार्यों पर खर्च हुए हैं। गांव में ठेकेदार द्वारा टंकी का निर्माण हो रहा है, लेकिन करीब दो साल हो गए, अभी तक मात्र बोरिंग हुआ है। गांव में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। ठेकेदार से पूछते हैं तो वह कहते हैं कि विभाग से अभी बजट नहीं आया है। उच्चाधिकारी को भी अवगत करा दिया गया है। कूड़ा निस्तारण केंद्र के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मी की तलाश की जा रही है।