हल्दौर। थाना क्षेत्र के गांव कान्हा नांगल निवासी नीरज उर्फ छोटू (28) पुत्र मेहर सिंह का शव बृहस्पतिवार सुबह घर के समीप स्थित पशुशाला में छत के कुंदे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नीरज उर्फ छोटू बिजनौर की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। ग्रामीणों के अनुसार वह बुधवार शाम ड्यूटी से घर लौटा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी परिजनों से कहासुनी हो गई, जिसके बाद वह बिना बताए घर से निकल गया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। बृहस्पतिवार सुबह घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित पशुशाला (घेर) में उसका शव छत के कुंदे से दुपट्टे के फंदे पर लटका मिला। जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तथा पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह राठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। नीरज का विवाह करीब तीन वर्ष पूर्व हुआ था और उसकी कोई संतान नहीं है। उसकी पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विवेचना अधिकारी विजेंद्र सिंह राठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।