धामपुर में बढ़ापुर विधानसभा क्षेत्र के बसपा विधायक मोहम्मद गाजी और नूरपुर के भाजपा विधायक लोकेंद्र सिंह चौहान पेद्दा प्रकरण पर आमने-सामने आ गए हैं। विधायक मोहम्मद गाजी ने भाजपा विधायक पर पेद्दा प्रकरण में जिले का माहौल खराब करने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए एसपी से कार्रवाई की मांग की है। वहीं, भाजपा विधायक लोकेंद्र चौहान ने भी बसपा विधायक गाजी को नसीहत दी है कि वे पेद्दा प्रकरण में लाशों पर राजनीति न करें।
भाजपा विधायक लोकेंद्र चौहान ने कहा कि बसपा विधायक गाजी आज तक गांव पेद्दा में नहीं गए। भाजपा घटना वाले दिन से ही गांव में रहकर शांति बनाने में लगी है। उन्होंने घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि विधायक गाजी केवल बयानबाजी कर केवल मुसलिमों का मसीहा बनने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्हें जिले के मुसलमानों ने भलीभांति समझ लिया है।
विधायक ने कहा कि ऐसे माहौल में विधायक गाजी द्वारा अनर्गल टिप्पणी करना लोकतंत्र के खिलाफ है। भाजपा कभी सांप्रदायिक नहीं रही है। यदि विधायक गाजी ने अपनी सोच को नहीं बदला तो भाजपा उन्हें उसी के भाषा में जवाब देगी।