बिजनौर, कादराबाद। पहाड़ पर हो रही बारिश से अचानक धारा नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे भिक्कावाला-रेहड़ मार्ग पर बने धारा नदी के पुल का पहुंच मार्ग टूट गया। जिससे भारी वाहनों का अवागमन बंद किया गया है। दरअसल पहुंच मार्ग का आधा हिस्सा दरका है, बाकी हिस्से की भी दरकने की आशंका बनी हुई है। सुरक्षा की दृष्टि से मार्ग पर रेत के कट्टे लगवाकर उच्चाधिकारियों मामले जानकारी दी।
शनिवार को भिक्कावाला-रेहड़ मार्ग पर गांव मीरापुर में बने धारा नदी के पुल की अप्रोच रोड नदी का जलस्तर बढ़ जाने से टूट गई। सूचना पर पीडब्ल्यूडी के जेई अखिलेश कुमार ने मौके पर पंहुच कर क्षतिग्रस्त स्थान के चारों ओर रेत के कट्टे लगवाए। वहीं बड़े वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। बता दें कि सात मीटर चौड़ी सड़क में करीब साढ़े तीन मीटर चौड़ाई में सड़क दरक गई है। ऐसे में सड़क की चौड़ाई कम होने की वजह से बड़े वाहनों का आवागमन बंद हो गया। हालांकि बाइक सवार और कार सवार मौके पर संभलकर सड़क पार करते दिखाई दिए।
राहगीर इस मार्ग का इस्तेमाल भिक्का वाला,, रेहड़ व काशीपुर आवागमन के लिए करते हैं। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि यदा कदा बरसात ज्यादा होने पर ही नदी में पानी आता है। जेई अखिलेश कुमार के अनुसार उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। नदी का जलस्तर कम होने पर पुल की अप्रोच को दुरुस्त कराया जाएगा।